बोर्ड परीक्षा परिणाम व नव-प्रवेश उत्सव में प्रतिभाओं का सम्मान, विद्यार्थियों को वितरित की गई नई पुस्तकें

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय,माचाड़ी में बुधवार, 01 अप्रैल 2026 को नव-प्रवेश उत्सव एवं बोर्ड परीक्षा परिणाम सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसीबीईओ रामस्वरूप मीना ने की।
समारोह में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। वहीं नव-प्रवेशित विद्यार्थियों का भी तिलक, माला व मिठाई के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य द्वारा अभिभावकों का सम्मान भी किया गया, वहीं अभिभावकों व विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
विद्यालय का कक्षा 12 (कला एवं विज्ञान वर्ग) का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इसमें अल्का सैनी ने 91% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। राधा सैनी 80.60% अंकों के साथ द्वितीय तथा हीना वर्मा 80.40% अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार कक्षा 10 के परिणाम में ममता बाई सैनी ने 88.83% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विष्णु कुमार सैनी 88.33% अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि त्रिशला ने 86.33% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान नव-प्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया तथा कुल 65 विद्यार्थियों को निःशुल्क नई पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य पंकज खंडेलवाल, उप- प्रधानाचार्य समर्थ लाल मीना सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन नरपत सिंह यादव द्वारा किया गया।
अंत में प्रधानाचार्य पंकज खंडेलवाल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराते हुए कहा कि आगामी वर्षों में विद्यालय का परीक्षा परिणाम और अधिक उत्कृष्ट बनाया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय माचाड़ी में माचाड़ी प्रतिभा खोज परीक्षा 2026 व कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन ।

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्मदिन के अवसर पर रा.उ.मा.वि. माचाड़ी में सुशासन दिवस पर शपथ का आयोजन

राजस्थान सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया ।